सुल्तानपुर में पुलिस विभाग में तैनात सीओ की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ ने वर्ष 2021 में कोर्ट मैरिज की थी।
पुलिस उपाधीक्षक शिवम मिश्रा के आवास पर शुक्रवार की सुबह उनकी पत्नी मोनिका पांडेय (30) पुत्री राकेश पांडेय निवासी गोला गोकर्णनाथ जनपद लखीमपुर खीरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
डीआईजी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि सीओ और उनकी पत्नी ने सात दिसंबर 2021 को लखीमपुर खीरी में कोर्ट मैरिज की थी। प्रथम दृष्टया मामला पंखे से लटक कर आत्महत्या का लग रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका मोनिका पांडेय बीएमएस की छात्रा थी। वह लखनऊ के प्रबुद्ध मेडिकल कॉलेज से बीएमएस कर रही थी। उसके परिवार में एक भाई व माता है। पिता की मृत्यु हो चुकी है। मृतका के परिजनों को सूचित किया गया है।
शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पीएम की कार्यवाही कराई जा रही है। परिवारीजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।