जिन शिक्षकों पर बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ संस्कारवान बनाने की जिम्मेदारी है वे ही बच्चों के सामने भिड़ गए और जमकर मारपीट करने लगे। लंभुआ में एक विद्यालय में बाइक खड़ी करने को लेकर दो शिक्षकों में विवाद हो गया। इसके बद जमकर मारपीट हुई और लात-घूंसे चले। एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर पीटा। बच्चों के सामने हुई इस वारदात का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फजीहत के बाद बीएसए ने कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों का वेतन रोककर रिपोर्ट मांगी है।
मामला नगर पंचायत क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पठखौली का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय पठखौली में कार्यरत शिक्षक राम गोपाल अपनी बाइक परिसर में खड़ी करके गांव में कहीं चले गए थे। इस दौरान किसी बच्चे ने उनकी बाइक स्टार्ट कर दी। लौटकर आने के बाद शिक्षक राम गोपाल गुप्ता प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार गुप्ता पर बाइक स्टार्ट करवाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। विद्यालय बंद होने के बाद जब शिक्षक व बच्चे निकलने लगे तो रास्ते में ही शिक्षक राम गोपाल ने प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार गुप्ता को रोक लिया।
शिक्षकों व बच्चों के सामने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह शिक्षकों ने उन्हें रोका तो प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार गुप्ता ने भी उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसकी वीडियो किसी ने बना ली और सोमवार को इसे वायरल कर दिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि शिक्षक राम गोपाल ने पहले बेवजह उन्हें जमीन पर गिराकर मारपीट की थी। जो वीडियो प्रसारित हो रहा है, वह अधूरा है।