सुल्तानपुर। दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजनों ने व्यापारी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के डोड़ापुर गांव निवासी इंसान (48) गांव के बाहर डोडापुर चौराहे पर सीमेंट व मोरंग की दुकान करते थे। बृहस्पतिवार की देर शाम इंसान दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे।
रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। परिवारीजन गंभीर हालत में इंसान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
देर रात उपचार के दौरान इंसान की ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इंसान के परिवार में पत्नी के साथ ही तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा पुत्र वशीद (22), हमजा (17 ) और बेटी असना (10) है। इंसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।