बरसात में बहा गोलाघाट-टेढ़ुई फोरलेन। संवाद
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गुणवत्ता पर सवालों में घिरे गोलाघाट-टेढ़ुई निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग की निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली ही बरसात में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फोरलेन पर कई स्थानों पर मिट्टी का कटाव हो गया, जिससे सड़क धंस गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इससे व्यस्त मार्ग पर दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
सोमवार रात और मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद करीब 20 फीट ऊंचाई पर तैयार किए जा रहे फोरलेन मार्ग के लगभग तीन किलोमीटर हिस्से में कई स्थानों पर भराव बह गया। सड़क की पटरियों और किनारों की मिट्टी कटने से गहरे गड्ढे बन गए। इससे निर्माण की गुणवत्ता और सड़क की मजबूती पर सवालिया निशान लग गया है।
स्थिति बिगड़ने पर लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने निर्माण एजेंसी को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। आनन-फानन में गड्ढों की भराई और कटाव वाले हिस्सों पर मिट्टी डालने का कार्य शुरू कराया गया। बुधवार को भी कई स्थानों पर मरम्मत का काम जारी रहा।
विभाग का कहना है कि आवागमन सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जा रही है।
प्रभारी अधिशासी अभियंता रवींद्र आर्या ने बताया कि निर्माण फर्म को तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं। उनके अनुसार भराव की मिट्टी पूरी तरह से नहीं बैठ पाई थी, जिसके कारण तेज बारिश में कटाव हुआ। मरम्मत कार्य लगातार कराया जा रहा है।