सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस में आधुनिक एलएचबी (लिंके हॉफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत बृहस्पतिवार को लखनऊ से एलएचबी रैक के साथ ट्रेन रवाना की जाएगी। वाराणसी से शुक्रवार को एलएचबी कोचों के साथ ट्रेन चलाई जाएगी।
रेल अधिकारियों के अनुसार शटल एक्सप्रेस में लगाए जाने वाले एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से तैयार किए गए हैं। इन कोचों में यात्रा के दौरान झटके और कंपन कम महसूस होते हैं, जिससे सफर अधिक आरामदायक रहेगा। सामान्य कोच के अपेक्षाकृत एलएचबी कोच में शोर भी कम रहता है। एलएचबी कोच सुरक्षा के लिहाज से अधिक बेहतर माने जाते हैं। इनमें एंटी-टेलिस्कोपिक प्रणाली लगी होती है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में कोच एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ जाती है।
लखनऊ रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से सुल्तानपुर सहित अन्य स्टेशनों के दैनिक यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।