लंभुआ के बेदूपारा के निकट हाईवे के किनारे पड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहन।
लंभुआ। लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर बेदूपारा के पास मंगलवार भोर करीब पांच बजे तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों से जा भिड़ा। हादसे में एक ट्रक चालक वाहन के केबिन में फंस गया। पुलिस, फायर सर्विस और एनएचएआई की टीम ने केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में लंभुआ सीएचसी पहुंचाया।
मंगलवार सुबह बेदूपारा स्थित एक ढाबे के सामने दो ट्रक खड़े थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक और ट्रेलर पलट गए। हादसे में एक ट्रक चालक जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के बिसवा गांव निवासी कमलेश यादव (35) केबिन में फंस गया।
दुर्घटना के कारण फोरलेन पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। लंभुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वाहन की टक्कर से स्कूल की बाउंड्रीवाल ढही
भदैंया। असवा स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटना दो दिन पहले की है। मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की गई है। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।