धम्मौर (सुल्तानपुर)। दो सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पहली दुर्घटना धम्मौर में हुई, जबकि दूसरा हादसा अमेठी जिले में हुआ। जहां सुल्तानपुर की महिला की मौत हो गई। त्रिलोकपुर गांव के पास शुक्रवार रात कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार एक युवक के हाथ से खाना बनाने वाला पलटा छूट कर कार में अगली सीट पर बैठी महिला के सिर में घुस गया। महिला की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अमेठी जिले के मुंशीगंज के पूरे गंगाराम दुबे गांव निवासी गुलाब देवी (65), अपने बेटे रवि उर्फ शशांक (35) व बहू नैना (32) के साथ शुक्रवार देररात 12 बजे सुल्तानपुर से कार से घर जा रही थीं। कार रवि चला रहे थे। गुलाब देवी अगली सीट पर बैठी थीं, जबकि पीछे बहू नैना बैठी थी। त्रिलोकपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक बाइक उनकी कार से टकरा गई।
बाइक पर सवार कैटरिंग का काम करने वाले सुनील अग्रहरि (25) निवासी लौहर पश्चिम, धम्मौर के हाथ में मौजूद पलटा छूट कर सीधे कार का शीशा तोड़ते हुए गुलाब देवी के सिर में घुसने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में सुनील व उनके साथ बाइक पर सवार लौहर पश्चिम गांव निवासी संजय (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि, बाइक चला रहे विजय पाल सिंह को मामूली चोट लगी है। वहीं, कार पर सवार रवि व उनकी पत्नी नैना को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने सुनील और संजय को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। धम्मौर थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि बाइक विजय पाल सिंह चला रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहना था। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रखवा दिया गया है।
गुलाब देवी के पति लक्ष्मी नारायण का पहले ही निधन हो चुका है। रवि ने बताया कि उनकी बहन दीपशिखा सुल्तानपुर शहर के एक मोहल्ले में रहती हैं। दीपशिखा की बेटी स्वरा का शुक्रवार को जन्मदिन था। वे सभी बर्थ डे पार्टी से रात में कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। गुलाब देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भतीजे संग बाइक से विवाहिता गिरी, गई जान
मुसाफिरखाना (अमेठी)। भतीजे संग जा रही विवाहिता की बाइक से गिरकर मौत हो गई। सुल्तानपुर के बंधुआकला क्षेत्र के खंडसा गांव की मीरा देवी (45) भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के दुवरिया मोड़ पर हादसे का शिकार हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पवन कुमार के मुताबिक, शनिवार को उनकी भाभी मीरा देवी भतीजे अमित संग मायके नारा गांव से वैवाहिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक से घर आ रही थी। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के दुवरिया मोड़ के पास उनकी भाभी को ब्रेकर पर अचानक चक्कर आ गया। जब तक बाइक रुकती, वह हाईवे पर गिर पड़ीं।
उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि परिजनों का कोई आरोप नहीं है। मीरा की मौत के बाद पति रमेश कुमार, बेटे पिंटू व आकाश गमगीन हैं। बताया कि मीरा को सोमवार को मुंबई जाना था। उनका टिकट भी था, लेकिन उससे पहले उनकी मौत हो गई। (संवाद)
हादसे के बाद पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक