कूरेभार/ धनपतगंज। हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट ने बुधवार रात कूरेभार और धनपतगंज क्षेत्र की दो लाख आबादी की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों उपकेंद्र रातभर ठप रहे। उमस और गर्मी के बीच लोग पसीने से बेहाल रहे। घरों में पानी की टंकियां खाली हो गईं और सुबह दैनिक जरूरतों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
कूरेभार और धनपतगंज क्षेत्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन का तार पारेषण उपकेंद्र पयागीपुर के पास टूटने से बुधवार रात 10 बजे दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली कर्मचारियों ने रात डेढ़ बजे फॉल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति शुरू की, लेकिन कुछ देर ही राहत मिली। फरीदीपुर के पास लाइन का तार दोबारा टूट गया। जिससे दोनों उपकेंद्रों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे फॉल्ट दुरुस्त होने के बाद कूरेभार की आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।
धनपतगंज में नौ बजे बिजली आई। कूरेभार उपकेंद्र करीब नौ घंटे और धनपतगंज करीब 11 घंटे बंद रहा। कूरेभार क्षेत्र के फुलौना बाजार, पटना चौराहा, पुरखीपुर चौराहा और दाखिनवारा चौराहा के साथ ही कई गांवों के लोग प्रभावित रहे। धनपतगंज क्षेत्र में पीपरगांव, भरसड़ा, लोहंगी, हरौरा बाजार, संजय नगर, मायंग, रामनगर, चांदीपुर और महमूदपुर समेत कई गांवों में लोग परेशान रहे।
कूरेभार के अवर अभियंता रवींद्र तिवारी ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में दो बार फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। दोनों जगह फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
उमस में छतों पर बैठकर गुजारी रात
भदैंया। लोलेपुर उपकेंद्र के ईस्ट फीडर से लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार रात बिजली गुल रहने से लोग घरों की छतों पर बैठकर रात गुजारने को मजबूर हुए। अधिक लोड के बीच जर्जर तारों के टूटने से समस्या और बढ़ रही है। जेई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय आपूर्ति बाधित हुई थी। कुड़वार के गजेहड़ी में जर्जर केबल बार-बार जलने से करीब 200 घर प्रभावित हैं। प्रधान हसीब खां ने बताया कि कई शिकायतों के बाद भी केबल नहीं बदला गया।
महीने भर में चार बार फुंका ट्रांसफार्मर, ग्रामीण बेहाल
सुल्तानपुर। कुड़वार विद्युत उपकेंद्र के तिरछे गांव में महीनेभर में चार बार 16 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहा है। 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग के बावजूद क्षमता नहीं बढ़ाई गई। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर लाइनमैन पर हर बार 800 रुपये लेने का आरोप लगाया है। अभिषेक मिश्रा, जय प्रकाश द्विवेदी समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से क्षमता बढ़ाने की मांग की है।