सुल्तानपुर। निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने व विभागीय आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में परिषदीय विद्यालयों के दो प्रधानाध्यापकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। मामला धनपतगंज विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामनगर चेती व उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर चेती का है।
धनपतगंज खंड शिक्षाधिकारी ने 18 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर चेती का निरीक्षण किया था। प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक अशर्फीलाल अनुपस्थित पाए गए। कंपोजिट ग्रांट के कार्य की गुणवत्ता खराब मिली। पुस्तकालय व खेलकूद के लिए मिली धनराशि से क्रय की जाने वाली सामग्री विद्यालय में नहीं पाई गई।
एमडीएम के लिए एलपीजी का कनेक्शन भी नहीं लिया गया है। विभागीय आदेशों की अवहेलना करने, स्वेच्छाचारिता प्रदर्शित करने के आरोप में बीएसए संतोष सक्सेना ने अशर्फीलाल को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में अशर्फीलाल को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय मोतिगरपुर से संबद्घ किया गया है।
वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर चेती के निरीक्षण में धनपतगंज बीईओ ने पाया कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंजनी नंदन पांडेय लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। साथ ही यहां कार्यरत एक शिक्षक एमडीएम डाटा फीडिंग के लिए बीआरसी पर उपस्थित है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंजनी नंदन पांडेय विद्यालय खुलने के बाद सिर्फ 15 अगस्त को ही आए थे। खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर बीएसए ने अंजनी नंदन पांडेय को निलंबित करते हुए मोतिगरपुर बीईओ कार्यालय से संबद्घ किया है। दोनों शिक्षकों के प्रकरण की जांच के लिए मोतिगरपुर खंड शिक्षाधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।