सुल्तानपुर। अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को महिला समेत दो लोगों की ठंड लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को दी है।
पहली घटना करौंदीकलां थाना क्षेत्र के बौढ़ियाबालमऊ गांव की है। गांव की रहने वाली जगपत्ती (60) पत्नी स्व. सालिकराम अपने इकलौते बेटे अंकित (15) के साथ रहती थीं। मंगलवार की रात जगपत्ती को तेज ठंड लग रही थी। ठंड लगने की बात जगपत्ती ने बेटे अंकित को बताई।
रात किसी तरह से मां-बेटे काट ली। बुधवार की सुबह जगपत्ती की हालत बिगड़ गई। अंकित ने भागकर ग्रामीणों से मदद मांगी। पड़ोसी जगपत्ती को लेकर क्षेत्र के पानबाबा चौराहे के पास एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
पड़ोसियों के साथ बेटा मां को लेकर जिला अस्पताल जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस के साथ ही लेखपाल राम जियावन को दी। इस बारे में लेखपाल राम जियावन ने बताया कि जगपत्ती की मौत ठंड लगने से होने की सूचना मिली है।
दूसरी घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के हरिहर ईशापुर गांव की है। गांव निवासी बुजुर्ग राज नारायण दूबे (85) को बुधवार की दोपहर तेज ठंड लग रही थी। परिवारीजनों को उन्होंने ठंड लगने की बात बताई।
इस बीच राज नारायण की हालत बिगड़ने लगी तो परिवारीजन उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उनकी मौत हो गई। राज नारायण दूबे के नाती दीपक ने बताया कि बाबा की मौत ठंड लगने से हुई है। इस बारे में एसडीएम सदर रामजी लाल ने बताया कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है।