चांदा। सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे पर कालिकागंज बाजार के पास मौजूद ढाबे पर बुधवार रात ग्राहकों के दो गुट मामूली विवाद में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। बृहस्पतिवार को मारपीट में जख्मी एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चांदा के भुवा पठखौली निवासी बृजेश यादव ने कालिकागंज बाजार के समीप ढाबा खोल रखा है। बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे शिवाला, बैंती कला निवासी सर्वेश यादव, आकाश यादव, प्रदीप यादव, बंटी यादव व कुलदीप यादव ढाबे पर भोजन के लिए पहुंचे। ढाबे पर कसईपुर, चांदा निवासी आशीष ओझा, अमन ओझा व नौगवां लंभुआ निवासी सौरभ दूबे भी मौजूद थे। इस दौरान मामूली कहासुनी में दोनों पक्ष भिड़ गए। ग्राहक को पिटता देख ढाबा संचालक बृजेश यादव व उनके कर्मचारी भी आगे आए। मारपीट में सर्वेश यादव, आशीष ओझा, अमन ओझा, सौरभ दूबे व बृजेश यादव को चोटें आईं।
जख्मी सर्वेश यादव उर्फ गोलू (20) को उनके परिजनों ने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार की रात हालत बिगड़ने पर लखनऊ भेजा गया, जहां सुल्तानपुर पहुंचते ही मौत हो गई। सर्वेश मुंबई में किसी निजी संस्थान में काम करते थे। कुछ दिन पहले ही मुंबई से घर आए थे। शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल ढाबा संचालक बृजेश यादव, ग्राहक आशीष ओझा, अमन ओझा व सौरभ दुबे को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपाधीक्षक रमेश ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। दोनों पक्षों की तरफ से घटना के बाद ही चांदा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। एक पक्ष के सर्वेश की इलाज के दौरान मौत हो गई है, आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।