फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की जान गई, परिवार सदमे में

Mon, 24 Nov 2025 11:32 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। सेमरी बाजार व लंभुआ में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पहला हादसा सोमवार सुबह टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयसिंहपुर के बरदहिया चौराहे के पास हुआ। इसमें एक तेज रफ्तार जीप की भिड़ंत बाइक सवार नगईपुर निवासी किसान राजेंद्र सिंह (60) से हो गई। गंभीर हालत में घायल बुजुर्ग को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

चालक मौके से जीप छोड़कर भाग निकला। पुलिस जीप को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, बाइक चला रहे राजेंद्र सिंह ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। सेमरी बाजार चौकी इंचार्ज अविनाश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई तय होगी। हादसे में मौत की खबर से राजेंद्र सिंह के परिवार में कोहराम मच गया। पूरा परिवार सदमे में है। परिवार में उनकी मां साहेब राजी (82), पत्नी निर्मला (55), पुत्र अंकित (32), अंकुर (27), बेटी नीलम (37) व खुशबू (35) हैं।
दूसरा हादसा लंभुआ के पठखौली गांव के पास हुआ। यहां कार से टकराकर मोपेड सवार बुजुर्ग की जान चली गई। लंभुआ के नौगवां राजीपुर निवासी रामचंद्र (62) सोमवार सुबह अपनी मोपेड से रिश्तेदार के घर जाने के लिए अपने घर से निकले थे। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पठखौली गांव के पास सड़क पार करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

दुर्घटना के बाद चालक कार सहित मौके से भाग निकला। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई मृतक के परिजनों की तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर तय होगी। हादसे से पूरा परिवार सदमे में है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें