सुल्तानपुर। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में छह वर्षीय बालक और किसान की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
अखंडनगर के प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में सोमवार रात करीब आठ बजे पूजा पंडाल के पास तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से दोस्तपुर के भरथुआ निवासी सूर्यांश (6) की मौत हो गई। चालक बाइक लेकर भाग निकला। अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दोस्तपुर के कैथीजलालपुर के पास हलियापुर-बेलवाई हाईवे पर रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे किसान बिंदलाल गौतम (34) की मौत हो गई। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
वहीं, चांदा के सफीपुर गांव के पास सोमवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार श्याम शंकर यादव (60) और उनकी पत्नी कमला देवी (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।