कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दूबेपुर में आयोजित दो दिवसीय पावर एंजिल कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया। कुड़वार, भदैंया, कूरेभार, दूबेपुर व नगर क्षेत्र की कुल 65 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया।
राज्य परियोजना कार्यालय सर्वशिक्षा अभियान के निर्देश के क्रम में जिले के उच्च प्राथमिक स्कूलों में सक्रिय मीना मंच की मीना प्रेरक/पावर एंजिल का दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह ने किया। कार्यशाला में दूबेपुर, कुड़वार, भदैंया व कूरेभार से 15-15 एवं नगर क्षेत्र से पांच बालिकाओं ने हिस्सा लिया। अभिव्यक्ति क्षमता संवर्धन, लिंग-भेद, कुरीतियों, असुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति बालिकाओं को जागरूक किया गया। महिला चिकित्सक ऊषा द्विवेदी ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, एनीमिया आदि रोगों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों के बारे में बताया। महिला पुलिस विभाग की संदर्भदाता अमरकली सिंह ने बालिकाओं को पॉस्को एक्ट, गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के बारे में जानकारी दी। महिला अधिवक्ता सुनीता तिवारी ने घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह के कानून के संबंध में बालिकाओं को जानकारी दी। इससे पहले मास्टर ट्रेनर दीपा वर्मा, सीमा वर्मा व अग्निशिखा सिंह ने बालिकाओं का पंजीकरण किया। इस मौके पर एबीआरसी भदैंया रागिनी मिश्रा, एबीआरसी कुड़वार मंजूलता श्रीवास्तव, वार्डन प्रतिमा सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक बालिका ओमप्रकाश तिवारी ने किया।