पांचवें चरण में शामिल जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन के अंतिम दिन कुल 37 प्रत्याशियों ने अपने परचे जमा किए। अंतिम दिन हुए 37 नामांकन में अमेठी सीट पर सर्वाधिक 20 व गौरीगंज में 10 ने नामांकन किया। नामांकन समाप्ति के साथ जिले में प्रत्याशियों की संख्या 67 तक पहुंच गई है।
पांचवें चरण में शामिल जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को नामांकन का अंतिम दिन था। अंतिम दिन अमेठी विधानसभा क्षेत्र से 20, गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से 10, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से तीन व तिलोई विधानसभा क्षेत्र से चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। अंतिम दिन जमा 37 नामांकन पत्रों के साथ जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए परचा दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 67 हो गई है।
सर्वाधिक 30 नामांकन अमेठी विधानसभा में, गौरीगंज में 19 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। तिलोई व जगदीशपुर विधानसभा में सबसे कम नौ-नौ नामांकन दाखिल हुए हैं। नामांकन समाप्ति के साथ जिले में प्रत्याशियों की संख्या 67 तक पहुंच गई है।
अंतिम दिन इन्होंने किया नामांकन
अंतिम दिन अमेठी विधान सभा से अमीता के अलावा भाजपा प्रत्याशी गरिमा सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह के साथ ही शैलेंद्र कुमार सिंह, वेदप्रकाश मिश्र, कमलेश, रामकुमार, रतीपाल, मथुरा, भगवानदीन पासी, रामबरन वनवासी, किरन, हरीओम वर्मा, राजेंद्र प्रसाद व केशकुमारी ने निर्दलीय नामांकन किया। इनके अलावा अमेठी से ही भारतीय समुदाय पार्टी से अनवर खां, भारत न्याय दल से रीता चौहान, जनवादी पार्टी से नाथूराम, लोकदल से बाबूलाल मौर्य, जन अधिकार पार्टी से डॉ. राजेश प्रजापति, लोकगठबंधन पाटी से शत्रुंजय सिंह ने परचा भरा। गौरीगंज विधानसभा से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने बतौर निर्दलीय परचा भरा।
निर्दलीय के रूप में इसी विधानसभा सीट से परचा भरने वाले अन्य लोगों में रामअचल, मो. मासूम, जगपत लाल, हरिबख्श व शरद कुमार पांडेय के साथ ही मानवतावादी समाज पार्टी से हरिश्चंद्र, सर्व समभाव पार्टी से मो. हसन लहरी, आरक्षण विरोधी पार्टी से दिनेश शुक्ल व किसान क्रांति दल से कंसराज ने नामांकन किया। जगदीशपुर विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय शोभनाथ धोबी, मुन्नालाल उर्फ रामचंद्र तथा रामेश्वर और तिलोई से निर्दलीय प्रत्याशी सीताराम, रघुवंश, रामकल्प व जसवंत ने नामांकन दाखिल किया।