हलियापुर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में रविवार सुबह दो कौवे मृत पाए गए। एक कौवा बीमार मिला है। इसकी सूचना लगते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों से मिली जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत कौवे को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बीमार कौवे को टीम इलाज के लिए ले गई है। उधर क्षेत्रीय लोगों में बर्ड फ्लू की आशंका बढ़ गई है।
हलियापुर चौराहे के नजदीक सड़क किनारे रविवार की सुबह लोगों ने दो कौवे मृत पड़े देखे। एक कौवा बीमार होने की वजह से चल नहीं पा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक मृत और बीमार कौवे के पास दर्जनों अन्य कौवे मंडरा रहे थे। गांव के पास दो मृत व एक बीमार कौवा दिखते ही क्षेत्र में बर्ड फ्लू को लेकर दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी व वन विभाग की दी। सूचना पर रेंजर अमरजीत मिश्र ने दो कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों के पहुंचने तक एक मृत कौवा गायब हो चुका था। ग्रामीणों के मुताबिक उसे कोई जानवर उठा ले गया। एक मृत कौवा गायब होने पर ग्रामीणों ने दूसरे मृत कौवे को ढक दिया।
वन विभाग की टीम ने मृत कौवे को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बीमार कौवे को इलाज के लिए पशु चिकित्सा विभाग भेजा है। क्षेत्र में दो कौवा मृत व एक बीमार मिलने से बर्ड फ्लू की आशंका बढ़ गई है। लोग दहशत में हैं। वन रेंजर का कहना है कि बर्ड फ्लू को लेकर पक्षियों पर नजर रखी जा रही है।
जांच के लिए भेजा गया सैंपल
क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत वर्मा ने बताया कि मृत कौवे का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बर्ड फ्लू की सही जानकारी मिल सकेगी। बीमार कौवे का इलाज चल रहा है।