पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चांदपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त जीप। स्रोत-यूपीडा
सेमरी बाजार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चांदपुर के पास सोमवार सुबह करीब 08:30 बजे सड़क के किनारे खड़ी जीप से अनियंत्रित ट्रक पीछे से टकरा गया। दुर्घटना में जीप सवार मध्य प्रदेश के सागर निवासी मोहम्मद शरीफ की पत्नी सलमा (23), भतीजी हरजाना (07) व घर की सबीना (30) घायल हो गए। घायलों को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
मध्य प्रदेश के सागर निवासी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि उनकी शादी रविवार रात कुशीनगर में हुई। वह जीप से अपनी पत्नी सलमा व अन्य लोगों के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से घर जाने के लिए निकले थे। वह लखनऊ की ओर जा रहे थे।
रास्ते में चांदपुर के पास जीप खड़ी की गई थी। वह जीप से नीचे उतरे थे। उसी बीच अनियंत्रित ट्रक जीप में पीछे से टकरा गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से भाग निकला। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया।
यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल कराया। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।