पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बल्दीराय के बीही गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त ट्रक।
वलीपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बीही गांव के पास रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक सड़क पर खड़ी जेसीबी से टकरा गया। दुर्घटना में ट्रक चालक बाराबंकी जिले के रामपुर, कटरा, सफदरगंज निवासी अतुल कुमार (37) की घटनास्थल पर मौत हो गई। ट्रक पर सवार खलासी बाराबंकी जिले के सतरिख, मोहम्मदपुर निवासी सतीश कुमार (35) घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से कूरेभार सीएचसी पहुंचाया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम चंद्र वर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब 12:40 बजे एक ट्रक गुजरात से मूंगफली लेकर गोंडा जाने के लिए निकला। बल्दीराय के बीही गांव के पास ट्रक अचानक खराब हो गया था। जेसीबी से खराब ट्रक को हटाने का कार्य किया जा रहा था। इसी बीच पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए सीधे जेसीबी से टकरा गया।
दुर्घटना में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार चालक की मौत हो गई। खलासी को कूरेभार सीएचसी पहुंचाया गया। क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। बल्दीराय थाने के प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।