सुल्तानपुर। बीटीसी की परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार दो छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया। दुर्घटना में घायल दोनों छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया। दूसरे छात्र को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। दोनों छात्र अमेठी जिले के घनापुर गांव के रहने वाले थे।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के पांडेय बाबा के पास शुक्रवार की शाम परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र सौरभ मिश्र (25) पुत्र राज कुमार मिश्र और कुशाग्र मिश्र (23) पुत्र अरुण कुमार मिश्र निवासी घनापुर थाना संग्रामपुर जिला अमेठी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया। दुर्घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों छात्रों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुशाग्र मिश्र को मृत घोषित कर दिया जबकि सौरभ मिश्र को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायल छात्र सौरभ मिश्र ने बताया था कि वे दोनों सुल्तानपुर के कादीपुर में बीटीसी की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। समाचार लिखे जाने तक घायल छात्र के परिवारीजन जिला अस्पताल नहीं पहुंच सके थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।