धम्मौर/विंदेश्वरीगंज। बारिश के दौरान हाईटेंशन लाइन पर जंगली पेड़ गिरने से तकनीकी फॉल्ट आ गया। जिससे धम्मौर, कूड़धाम, इसौली, बल्दीराय और साउथ सहित छह फीडर घंटों ठप पड़े रहे। धम्मौर के दो फीडरों पर 10 घंटे और बनकेपुर फीडर पर 14 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई। बल्दीराय के देहली फीडर के उपभोक्ताओं को छह घंटे बिजली का इंतजार करना पड़ा। टीपीनगर के साउथ फीडर की एचटी लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से आठ घंटे आपूर्ति बाधित रही।
धम्मौर के रामपुर गांव के पास बुधवार रात 12 बजे हाईटेंशन लाइन पर जंगली पेड़ गिर गया। जिससे धम्मौर उपकेंद्र के बनकेपुर, धम्मौर और कूड़धाम तीनों फीडर एक साथ बंद हो गए। धम्मौर, हाजीपट्टी, रामापुर, सरूवांवां, मनियारपुर, मामपुर, नूरपुर, पलिया, महेशरगंज, सरैया, त्रिलोकपुर सहित कई गांवों की 70 हजार आबादी बिजली संकट से प्रभावित हुई।
अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि पेड़ हटाने और तकनीकी फॉल्ट ठीक करने के बाद धम्मौर व कूड़धाम फीडर की आपूर्ति बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तथा बनकेपुर फीडर की आपूर्ति दोपहर दो बजे बहाल की गई।
बल्दीराय विद्युत उपकेंद्र के देहली फीडर की देवरा लाइन में बुधवार रात करीब 10 बजे तकनीकी फॉल्ट आ गया। इसके चलते डड़वा, पूरे शांति, पूरे गरवर, पूरे लूसी, पूरे बसई समेत कई गांवों के 30 हजार लोगों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीण सुधीर कुमार, चंद्रनाथ पांडेय, कृष्ण कुमार पाठक, रामचंद्र विश्वकर्मा और दिनेश दुबे ने बताया कि रात 10 बजे से बिजली गुल होने के कारण पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। बल्दीराय एसडीओ मार्तंड प्रताप सिंह ने बताया कि फॉल्ट दूर कर गुरुवार सुबह चार बजे आपूर्ति बहाल करा दी गई।
तार पर पेड़ की डाल गिरने से आठ घंटे बंद रही आपूर्ति
टीपीनगर उपकेंद्र के साउथ फीडर से जुड़े लौहर गांव में बुधवार रात करीब 1:30 बजे एचटी लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से शॉर्ट सर्किट हुआ और फीडर ठप हो गया। रात में लगातार बारिश होने से मरम्मत कार्य नहीं हो सका। जेई प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे लौहर सेक्शन को अलग कर साउथ फीडर की आंशिक आपूर्ति बहाल की गई। दोपहर करीब 1:30 बजे डाल हटाने के बाद पूरे क्षेत्र में बिजली सामान्य हुई। इसी दौरान अहिमाने फीडर की एचटी लाइन पर योगीवीर के पास डाल गिरने से बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
तारों पर टिका शीशम का पेड़, हादसे का खतरा
भदैंया। बजेठी गांव में बुधवार रात बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा शीशम का पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। पेड़ के दबाव से तार झूल रहे हैं। ग्रामीणों ने तार टूटने से बांस का सहारा देकर पेड़ को रोक रखा है। प्राथमिक विद्यालय के बगल से गुजरने वाले इस मार्ग पर हर समय स्कूली बच्चों और राहगीरों की आवाजाही रहती है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। अवर अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि पेड़ जल्द हटाकर लाइन सही कराई जाएगी। संवाद