पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उतरकर कैंटीन में जातीं राज्यपाल। संवाद
धनपतगंज (सुल्तानपुर)। गोरखपुर से लखनऊ लौटते समय प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बृहस्पतिवार को अपराह्न 3:40 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बेनीपुर गांव के पास यूपीडा से आवंटित कैंटीन पर पहुंचीं। कैंटीन में करीब 40 मिनट रुककर उन्होंने विश्राम किया और साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उनके आगमन के समय कैंटीन व आसपास का क्षेत्र कड़े सुरक्षा घेरे में रहा।
कैंटीन में राज्यपाल के पहुंचते ही प्रबंधक सहित सभी कर्मी सक्रिय हो गए। प्रबंधक श्रवण कुमार राज्यपाल की खातिरदारी में नाश्ता लेकर पहुंचे तो उन्होंने लेने से इन्कार कर दिया। इसके लिए संचालक को धन्यवाद दिया। राज्यपाल के विश्राम के दौरान उनके साथ मौजूद सुरक्षा के जवानों व अन्य ने चाय पानी किया। उनके रुकने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एक्सप्रेसवे के एक लेन पर वाहनों का आवागमन कुछ देर के लिए रोक दिया गया था। करीब 4:20 मिनट पर राज्यपाल का काफिला लखनऊ रवाना हो गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर एसडीएम गरिमा सोनी, एसडीएम संदीप यादव, धनपतगंज थाना प्रभारी अंजू मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं।
सूखा मेवा, काॅफी व शीतल पेय दिया
बेनीपुर कैंटीन के प्रबंधक श्रवण कुमार ने बताया कि महामहिम के लिए सूखा मेवा, कॉफी और शीतल पेय की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं लिया। उन्होंने कैंटीन एवं विश्राम कक्ष की साफ-सफाई का निरीक्षण किया और व्यवस्था से संतुष्ट नजर आईं।