जयसिंहपुर क्षेत्र के गोसैसिंहपुर में लगा 100 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते रविवार की दोपहर बाद फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव के आठ पुरवों की करीब 10 हजार आबादी प्रभावित हो रही है। विद्युत उपभोक्ताओं ने गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की मांग की है।
पावर कॉर्पोरेशन ने गोसैसिंहपुर गांव के लोगों को आपूर्ति देने के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवा रखा है। इस ट्रांसफार्मर गांव के पांडेय का पूरा, धरमपुर, दानू पट़्टी, पटी, मीनूपुर, झलियहवा व कनकपुर को आपूर्ति की जाती है। ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने से यह आए दिन फुंक जाता है।
अभी दो माह पहले भी ओवरलोड के चलते यह ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उपभोक्ताओं के बार-बार शिकायत पर पावर कॉर्पोरेशन ने करीब 15 दिन ट्रांसफार्मर बदला था। गर्मी के इस मौसम में बिजली नहीं मिलने से सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों को होती है। रविवार को फुंका ट्रांसफार्मर सोमवार की देर शाम तक नहीं बदला जा सका। गांव के बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली की अधिक खपत को देखते हुए पावर कॉर्पोरेशन से एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की मांग की है।