जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर तक पुरवा चलने से लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हो गए। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलने और तापमान में वृद्घि होने का अनुमान लगाया है।
सोमवार को सुबह के समय मौसम साफ रहा और धूप निकल आई। दोपहर आते-आते तेज धूप होने लगी। धूप से बचाव के लिए लोगों ने गमछा व छाता का सहारा लिया। इस दौरान बीच-बीच में आसमान में हल्के बादल भी आते रहे। दोपहर तक पुरवा हवा से चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी उठानी पड़ी।
दोपहर बाद करीब दो बजे हवा का रुख बदला और पुरवा की जगह पछुआ हवा चलने लगी। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलने और तेज धूप होने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।