सुल्तानपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों के संचालन में विलंब से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को आठ प्रमुख ट्रेनों के कई घंटे लेट होने से दिन भर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
माल्दाटाउन से दिल्ली तक जाने वाली फरक्का अप एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार को तय समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से किया गया। वहीं, आनंदविहार से सुल्तानपुर को आने वाली सद्भावना डाउन एक्सप्रेस तय समय से करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची। नई दिल्ली से वाराणसी तक जाने वाली महामना डाउन एक्सप्रेस का संचालन करीब ढाई घंटे की देरी से किया गया। कोटा-पटना डाउन एक्सप्रेस करीब एक घंटे, जम्मूतवी से वाराणसी को जाने वाली बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस करीब सात घंटे और देहरादून से हावड़ा तक जाने वाली कुंभ डाउन सुपर फास्ट एक्सप्रेस तय समय से करीब तीन घंटे की देरी से रवाना की गई। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र डाउन एक्सप्रेस करीब छह घंटे और जम्मूतवी से हावड़ा तक जाने वाली हिमगिरि सुपर फास्ट डाउन एक्सप्रेस का संचालन तय समय से करीब तीन घंटे विलंब से किया गया। प्रमुख ट्रेनों के संचालन में देरी से यात्री परेशान रहे।