सुल्तानपुर। पखरौली रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार की शाम एक चालक ने गेट के बूम के नीचे गलत ढंग से जीप खड़ी कर दी। जीप खड़ी करने के बाद वह कहीं चला गया। इसी बीच राजगीर से नई दिल्ली को जाने वाली श्रमजीवी अप एक्सप्रेस व एक और ट्रेन का सिग्नल हो गया। सिग्नल होने के बाद जब गेट मैन फाटक बंद करने लगा तो जीप देखकर अवाक रह गया।
वह जीप चालक को खोजने लगा। तभी श्रमजीवी अप एक्सप्रेस व एक और ट्रेन आ गई। दोनों ट्रेनों को गेट नहीं बंद होने की वजह से रोकना पड़ा। इसी बीच जीप का चालक आ गया। इसके बाद जीप को क्रॉसिंग के बूम के नीचे से हटाया गया। फिर रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद हुआ। करीब 10 मिनट बाद श्रमजीवी व दूसरी ट्रेन को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक पखरौली आरवी कुमार ने बताया कि थोड़ी देर के लिए गेट के नीचे कोई वाहन खड़ा होने से सिग्नल नहीं हो सका था। इसके लिए दोनों ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। गेट बंद होने पर ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया।