लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पयागीपुर चौराहे से गुजरते वाहन।
सुल्तानपुर। जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने अमहट, पयागीपुर और कुड़वार नाका मोड़ पर सिग्नल लाइट स्थापित करने की योजना बनाई है। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। संबंधित विभागोें के सहयोग से लाइटें लगाई जाएंगी। जाम की समस्या से निपटने में सहूलियत मिलेगी।
महानगरों की तर्ज पर शहर के तीन प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमहट चौराहे व पयागीपुर चौराहे पर सिग्नल लाइट लगाई जाएगी। कुंभ मेले के दौरान इन स्थानों पर लंबा जाम लगता था। इसके अतिरिक्त शहर के व्यस्ततम क्षेत्र कुड़वार नाका मोड़ पर सिग्नल लाइट लगाने स्थापित करने की योजना यातायात पुलिस ने बनाई है।
यहां भी दरकार
शहर में डाकखाना चौराहा, बस स्टेशन, शाहगंज चौराहा, बाधमंडी, दरियापुर तिराहा, पंचरास्ता, राहुल चौराहा, नार्मल चौराहा पर दिनभर जाम की स्थिति रहती है। इन स्थानों पर भी ट्रैफिक सिग्नल लाइटें लग जाएं तो यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सकती है।
जल्द किया जाएगा विभागों से पत्राचार
ट्रैफिक सिग्नल लाइट स्थापित करने के लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है। लाइटोें को स्थापित करने का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। संबंधित विभागों से जल्द ही पत्राचार करके जल्दी लाइटें लगवाई जाएंगी।
अखंड प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक