सुल्तानपुर। गभड़िया नाले पर दो लेन के नए पुल का निर्माण कराने के लिए बुधवार को पीडब्ल्यूडी ने पुराने पुल को तोड़ना शुरू कर दिया। कार्य शुरू करने से पहले दोनों छोर पर स्टोन ब्रेकर रख कर आवागमन को तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग गभड़िया नाले पर बने पुराने पुल के स्थान पर दो लेन के नए पुल का निर्माण कराएगा। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी ने गभड़िया पुल को 15 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी की ओर से पुल के दक्षिणी छोर पर काम भी शुरू करवा दिया गया। काम शुरू कराने से पहले पीडब्ल्यूडी ने पुल के दोनों छोर पर स्टोन ब्रेकर रखवा दिए थे।
इससे मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। गभड़िया नाले के पुल व लखनऊ नाका क्रॉसिंग के बीच में नगर पालिका के संचालित टैक्सी स्टैंड पर खड़े होने वाले वाहन अपने स्थान तक नहीं आ सके। वाहन चालक फ्लाईओवर के पश्चिमी छोर पर टैक्सियों पर सवारियां भरते दिखे।
वहीं आस-पास संचालित स्कूल के बच्चों व इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार से पैदल आवाजाही भी रोक दी जाएगी। वहीं, रोड ब्लॉक से नाराज इंडियन पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल पीके श्रीवास्तव, मो. अनीस, पूर्व सभासद मो. युनूस समेत बड़ी संख्या में लोग डीएम कार्यालय पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने डीएम को वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने के लिए ज्ञापन दिया। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को मार्ग की वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के लिए निर्देश दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बंद होने से करीब 25 हजार की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ेगी। सबसे अधिक समस्या विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के समक्ष खड़ी हो गई है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने फोन से काम शुरू कराए जाने की सूचना दी है। फिलहाल स्टैंड शिफ्टिंग के लिए नगर पालिका की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है।