सुल्तानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित उद्योग व व्यापार बंधु की बैठक में सड़क, बिजली, अतिक्रमण सहित अन्य समस्याएं उठीं। डीएम इंद्रजीत सिंह ने सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने जिले में व्यापार के लिए उद्यमियों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कहा कि बंटवारे के बाद सभी उद्योग अमेठी जिले के हिस्से में चले गए। इस दौरान उद्यमी विनोद जायसवाल ने अपने रिजार्ट की बिजली कनेक्शन की समस्या को समिति में रखा। कादीपुर से बेलवाई बाजार पुलिया के पास रोड पर दो गड्ढों का मामला उठा। मोइन अहमद ने बैंक से सीसी स्वीकृत नहीं होने का प्रकरण रखा। सूरापुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने अपनी जमीन पर अतिक्रमण बताया।
व्यापार मंडल व सुंदरलाल व्यापारी कल्याण ने सुपर मार्केट में अतिक्रमण, दुकानों की मरम्मत का मामला फिर उठाया। सुनवाई करने के बाद डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं काे तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। इसमें निवेश मित्र पोर्टल, उद्यम स्थापना की भी डीएम ने जानकारी ली। इस मौके पर संंबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।