शहर से सटे अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन। स्रोत-ग्रामीण
सुल्तानपुर। शहर से सटे अयोध्या-प्रयागराज हाईवे बाईपास पर लोलेपुर के पास बृहस्पतिवार दोपहर ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दोनों वाहनों पर सवार लोग बच गए। उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर जाम खुलवाया। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि जाम हटवाकर वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, कोई घायल नहीं हुआ है। (संवाद)