सुल्तानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को जिले में हजारों लोग योगासन करेंगे। शहर के पर्यावरण पार्क में जिला प्रशासन की ओर से सुबह छह बजे योग शिविर शुरू होगा। योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे। अलग-अलग स्थलों की क्षमता के अनुरूप व्यक्तियों के योगासन करने का स्थान निर्धारित किया गया है। महिलाओं, पुरुषों व बच्चों के साथ बुजुर्ग भी योग दिवस पर होने वाले आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में हजारों लोग योग शिविरों में योगाभ्यास करेंगे। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक की अध्यक्षता में विश्व योग दिवस की तैयारी के संबंध में बैठक हुई। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अब्दुल बारी ने बताया कि पर्यावरण पार्क में सुबह छह बजे योग शिविर आयोजित किया जाएगा। योग प्रशिक्षक सुनील दत्त तिवारी योग सिखाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा और विशिष्ट अतिथि नोडल अधिकारी मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल शामिल होंगे। नगर पालिका की ओर से पर्यावरण पार्क में योग शिविर स्थल पर मंच, टेंट आदि का काम लगभग पूरा हो गया है। शिविर स्थल की तैयारी में लोग सुबह से शाम तक जुटे रहे। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग, गायत्री परिवार की ओर से योग शिविर लगाया जाएगा। जिला कारागार में भी होने वाले योग शिविर में बड़ी संख्या में बंदी योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करेंगे।
तहसील और ब्लॉक क्षेत्र में लगेंगे योग शिविर
- लंभुआ में पतंजलि योग समिति की ओर से सर्वोदय इंटर कॉलेज में सुबह 6:30 बजे योग शिविर लगेगा। तहसील योग प्रभारी राजकुमार अग्रहरि योगाभ्यास कराएंगे।
- कादीपुर ब्लॉक परिसर में सुबह 6:30 से आयोजित योग शिविर में लगभग 1000 लोग योगाभ्यास करेंगे। प्रशिक्षक डॉ. एके सिंह होंगे।
- कादीपुर रानीपुर कायस्थ गांव में आरएसएस की तरफ से आयोजित शिविर में प्रशिक्षक शुभम सिंह और रत्नेश मोदनवाल लगभग 500 स्वयंसेवकों को योग सिखाएंगे।
- दूबेपुर के धम्मौर स्थित श्री हनुमत इंटर कॉलेज में सुबह सात बजे व्यायाम शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह करीब 500 छात्र-छात्राओं को योग सिखाएंगे।
- कुड़वार ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह सात बजे योग शिविर में प्रशिक्षक श्वेता सोनी कराएंगी योगाभ्यास।
- करौंदीकलां के स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान हरीपुर में सुबह छह बजे योग शिविर में प्रशिक्षक मोहित सोनकर योग का अभ्यास कराएंगे।