भदैंया (सुल्तानपुर)। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में विकवाजीतपुर के मेला बाग खेल मैदान में चल रहे 15 दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले हुए। पहले मैच नेवादा ने लालू का पुरवा व दूसरे मैच में विकवाजीतपुर ने भपटा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार सुबह 10 बजे नेवादा व विकवाजीतपुर के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
टूर्नामेंट का पहला मैच नेवादा व लालू का पुरवा के बीच हुआ। नेवादा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में पांच विकेट खोकर 114 रन बनाए। जवाब में लालू का पुरवा सभी विकेट खोकर 56 रन ही बना सकी। नेवादा ने 58 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच संतोष रहे जिन्होंने चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर एक विकेट भी झटका।
दूसरा मैच भपटा व विकवाजीतपुर के बीच हुआ। विकवाजीतपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में सभी विकेट खोकर 92 रन बनाए। 93 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भपटा की टीम 10वें ओवर में 72 बनाकर ऑलआउट हो गई। विकवाजीतपुर ने 20 रनों से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच अभिषेक रहे। उन्होंने टीम के लिए शानदार हैट्रिक विकेट लिया। रविवार को नेवादा व विकवाजीतपुर के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
मैच के निर्णायक अनिल शर्मा व अनिल यादव रहे। संचालन चौधरी आशुतोष वर्मा व प्रिंस वर्मा ने किया। इस अवसर पर विनोद वर्मा, रोहित, अनिल गौतम, दिनेश वर्मा, विशाल, नीरज, आलोक व अरुण मौजूद रहे। आयोजन मंडल में जगन्नाथ वर्मा व मुनेंद्र मिश्रा शामिल रहे। सेमीफाइनल मैच से पहले मुख्य अतिथि समाजसेवी आरिफ हाशमी एवं कुलदीप वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।