यूपी बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी बृहस्पतिवार को घोषित हो गई हैं। 18 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। अक्तूबर-नवंबर एवं आधा दिसंबर माह पंचायत चुनाव में चला गया, जिसकी वजह से विद्यालयों में शिक्षण कार्य बाधित रहा। पांच से 19 जनवरी तक बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं चलेंगी, जिसमें फिर से शिक्षण कार्य बाधित होने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में शिक्षकों के सामने पाठ्यक्रम पूरा करने की चुनौती है।
बीते अक्तूबर माह में जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव की वजह से कक्षाएं अनियमित थीं। उसके बाद नवंबर एवं आधा दिसंबर माह प्रधानी के चुनाव में चला गया। यही नहीं पांच जनवरी से 19 जनवरी तक बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी होनी है जिसमें शिक्षण कार्य होने की उम्मीद कम ही है। बोर्ड परीक्षा शुरू होने में दो माह से भी कम समय बचा है। छात्र-छात्राओं का पाठ्यक्रम काफी पिछड़ा हुआ है। शिक्षकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं पर भी पाठ्यक्रम पूरा करने का खासा दबाव है।
बॉक्स
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 86,238 स्टूडेंट्स देंगे परीक्षा
सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 86,238 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। हाईस्कूल में 48,500 परीक्षार्थी हैं, जिसमें 23,865 बालक एवं 24,635 बालिकाएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 37,738 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। इसमें बालकों की संख्या 16,840 एवं बालिकाओं की संख्या 20,898 है। जिले में हाईस्कूल स्तर के 78 एवं इंटरमीडिएट स्तर के 161 विद्यालय संचालित हैं।
शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों पर भी दबाव
मोतिगरपुर। क्षेत्र के त्रिवेणी नगर स्थित राममिलन मिश्र शिक्षण संस्थान की कक्षा 12 की छात्रा अन्नू गुप्ता ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए सिर्फ दो माह से भी कम समय बचा है। विद्यालय में अभी तक आधा कोर्स ही पूरा कराया गया है। घर पर ही छह घंटे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही हूं। तभी पाठ्यक्रम पूरा हो सकेगा। सरस्वती विद्या मंदिर झारखंड कादीपुर के कक्षा 12 के विद्यार्थी विक्रम सिंह व विनय दुबे ने बताया कि चुनाव की वजह से पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो सका है। अब बोर्ड परीक्षा की तिथि भी घोषित हो गई है। विद्यालय में एक तिहाई पाठ्यक्रम पूरा कराया गया है। पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए शिक्षकों के साथ ही विद्यार्थियों पर भी दबाव है।
प्रयोगात्मक परीक्षा में भी चलेंगी क्लास
सुल्तानपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव की वजह से पाठ्यक्रम पूरा कराने में दिक्कत आई है। विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा तैयारी के लिए अभी दो माह का समय है। पांच से 19 जनवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान भी विद्यार्थियों की कक्षाएं चलेंगी। ताकि छात्र-छात्राओं की परीक्षा की तैयारी में कोई बाधा न आए। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया कि वे हर हाल में पाठ्यक्रम पूरा कराएं।