सेमरीबाजार /कुड़वार (सुल्तानपुर)। जिले के अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से अधेड़ समेत दो लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अंबेडकरनगर जिले के खालीपुर मालीपुर निवासी धर्मेंद्र गुप्ता विद्युत विभाग के विजिलेंस में कांस्टेबल पद पर एपीटी सुल्तानपुर में तैनात हैं। धर्मेंद्र अपने पुत्र आयांश (03) व पत्नी के साथ शुक्रवार की दोपहर जयसिंहपुर कोतवाली के किशनागरपुर गांव के पास टांडा-बांदा राजमार्ग पर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
सड़क की दूसरी ओर एक दुकान देखकर आयांश उधर दौड़ा। तभी बीच सड़क पर उसे डंपर ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। चालक डंपर लेकर भाग निकला। परिजन शव लेकर घर चले गए।
दूसरी दुर्घटना, जयसिंहपुर कोतवाली के सजवन हरिनाथपुर गांव निवासी महाराज दीन यादव (45) शुक्रवार सुबह अपनी ऑटो से सेमरी बाजार जा रहे थे। ऑटो में जयसिंहपुर कोतवाली के जजरही डीह भिखारी गांव निवासी हरिशंकर सिंह की पुत्री दीपा (21) और लक्ष्मी (18) मौजूद थी। बिरैता चौराहे के पास कार से ऑटो टकरा गई। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए। घायलों को बिरसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां से महाराज दीन को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
तीसरी दुुर्घटना, बल्दीराय थाना क्षेत्र के वलीपुर चौकी के पास हुई। कोतवाली नगर क्षेत्र के सेमरघाट निवासी बाले उर्फ रघुुनाथ निषाद (30) शुक्रवार देर शाम राम संजीवन (50) के साथ बाइक से बल्दीराय थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से घर जा रहे थे। सकला परसपुर पुलिस चौकी वलीपुर के पास अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। घायलों को सीएचसी कुड़वार ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने बाले उर्फ रघुनाथ को मृत घोषित कर दिया। राम संजीवन को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देरशाम उपचार के दौरान राम संजीवन की मौत हो गई।