सेमरीबाजार (सुल्तानपुर)। बिरसिंहपुर बाजार के फल व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले में बुधवार देर रात पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सात के खिलाफ केस दर्ज किया। बृहस्पतिवार सुबह इसी मामले में दो युवकों का धमकी भरा वीडियो भी वायरल हो गया। वीडियो दिन भर सोशल साइ्ट्स पर चला। मामले की जांच सीओ कादीपुर को दी गई है।
बिरसिंहपुर निवासी जगन्नाथ कन्नौजिया पर सोमवार रात जीप सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। उनका इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। व्यापारी के छोटे भाई अमरनाथ ने बुधवार देर शाम करीब आठ बजे जयसिंहपुर कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने रात्रि 11:57 बजे केस दर्ज किया। तहरीर पर पुलिस ने अखिलेश सिंह, अंकित सिंह, अभिषेक सिंह, अमन सिंह निवासीगण बिरसिंहपुर कोतवाली जयसिंहपुर व मोलू सिंह निवासी पहाड़पुर कोतवाली जयसिंहपुर व दो अज्ञात के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
बृहस्पतिवार सुबह सोशल मीडिया पर दो युवकों का एक वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में मौजूद युवक ने अपना नाम आदित्य सिंह सूर्यवंशी निवासी बस्ती बताया है। उसने व्यापारी पर हमले की जिम्मेदारी ली। साथ ही राज मंगल सिंह मोलू उर्फ पहाड़पुर बिरसिंहपुर व अभिनव सिंह कादीपुर का नाम लेते हुए घटना की जिम्मेदार ली। धमकी भरा यह वीडियो वायरल होने के बाद से बिरसिंपुर के व्यापारियों में भय व्याप्त है।
घटना से जुड़े हर पहलू की हो रही जांच
बृहस्पतिवार को वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। केस में दर्ज आरोपितों की सीडीआर निकलवाई जा रही है। सभी की लोकेशन ट्रैस की जाएगी। पुलिस पूरी तरह से निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।
-विनय गौतम, सीओ कादीपुर