फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौनी अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Mon, 08 Feb 2016 10:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मौनी अमावस्या पर्व पर जिले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को हजारों श्रद्घालुओं ने आदि गंगा गोमती में डुबकी लगाई और दान पुण्य कर पाप से मुक्ति की कामना की। शहर के सीताकुंड घाट व लंभुआ के धार्मिक स्थल धोपाप घाट पर दिन भर स्नानार्थियों का तांता लगा रहा। भक्तों ने स्नान करके सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान के बाद घाट पर श्रद्धालुओं ने गोदान भी किया। सीताकुंड घाट पर लगे मेले में लोगों ने खरीदारी की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
विज्ञापन



शहर स्थित आदि गंगा गोमती के सीताकुंड घाट पर मौनी अमावस्या के पर्व पर ठंड से बेपरवाह श्रद्धालु स्नान के लिए सोमवार की भोर चार बजे से ही पहुंचने लगे थे। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष श्रद्धालुओं ने आदि गंगा पवित्र गोमती नदी में डुबकी लगाई और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पुरोहितों के जरिए पूजा-पाठ करके दान पुण्य किया और पापों से मुक्ति की कामना की।

सीताकुंड घाट पर दिन भर नदी के दोनों तटों पर श्रद्घालुओं की भीड़ नजर आई। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए बुजुर्गों, महिलाओं व पुरुषों ने घाट तक का रास्ता पैदल ही तय किया। भोर से ही घाट पर जय गंगा मैया का उद्घोष गूंजता रहा। श्रद्घालुओं ने घाट पर मौजूद गरीबों में अन्न व धन दान किया। इस दौरान श्रद्घालुओं ने गोदान भी किया। सीताकुंड घाट पर स्थित देवी व शिव मंदिरों पर घंटे-घड़ियालों की आवाजें गूंजती रही। दूर-दराज से आए व्यापारियों ने सीताकुंड धाम से दीवानी चौराहा होते हुए तिकोनिया पार्क तक अपनी दुकानें सजा रखीं थी। दुकानों पर महिलाओं ने गृहस्थी व पूजा-पाठ का सामान खरीदा। बच्चों ने खिलौने व मिठाई की खरीदारी की।
विज्ञापन



वट वृक्ष की महिलाओं ने की पूजा
सुल्तानपुर। मौनी अमावस्या पर्व पर सोमवार को शहर के सीताकुंड घाट स्थित आदि गंगा गोमती में महिलाओं ने डुबकी लगाई। स्नान के बाद महिलाओं ने घाट पर स्थित वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर परिवार की सलामती की कामना की। महिला श्रद्घालुओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर घर में सुख-समृद्घि की मनौती मांगी।

मुकम्मल रही प्रशासन की व्यवस्था
सुल्तानपुर। मौनी अमावस्या के स्नान के दौरान सीताकुंड घाट पर श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने मुकम्मल इंतजाम किए थे। महिलाओं के लिए अस्थायी प्रसाधन भी बनाए गए थे। इसके अलावा महिला स्नानार्थियों को कपड़ा बदलने के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम भी बनाया गया था। इससे महिलाओं को काफी सहूलियत हुई। पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर मुस्तैद रहा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें