सुल्तानपुर। पॉलीटेक्निक में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाकर 17 मई कर दी है। यह तीसरी बार है जब छात्रों की मांग पर आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय थी, जिसे बढ़ाकर 11 मई किया गया था। कई छात्र तकनीकी दिक्कतों और जरूरी दस्तावेज पूरे न होने की वजह से आवेदन नहीं कर सके थे। छात्रों की मांग को देखते हुए परिषद ने एक और मौका देने का फैसला लिया। पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य योगेश प्रताप यादव ने बताया कि जिले को 6240 आवेदन का लक्ष्य मिला था, जिसमें 15 मई तक 6164 आवेदन हो चुके थे। आवेदन लगातार बढ़ रहे हैं। जिले में कुल 225 सीटों पर प्रवेश होना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किए जा सकते हैं।
छात्रों के लिए जरूरी जानकारी
आवेदन की अंतिम तिथि : 17 मई
आवेदन माध्यम : ऑनलाइन
जिले का लक्ष्य : 6240 आवेदन
15 मई तक आवेदन : 6164
जिले में सीटें : 225
हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए अभ्यर्थी परिषद के हेल्पलाइन नंबर 0522-2630106, 2630695, 2630667 और 2636589 पर संपर्क कर सकते हैं।