ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर शहर समेत ग्रामीण अंचल के हनुमान मंदिरों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। हनुमान भक्तों ने जगह-जगह राहगीरों को शर्बत पिलाया। बूंदी, लड्ड़ू व हलवे का प्रसाद बांटा गया। बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। हनुमान मंदिरों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया। दिन भर पूरा शहर बजरंगबली के जयकारों से गूंजता रहा।
शहर के चौक, रुद्रनगर, शास्त्रीनगर, दरियापुर आदि मोहल्लों में स्थित हनुमान मंदिरों में जेठ के तीसरे मंगल पर सुंदर सजावट और भक्ति रस की गंगा बहती रही। इसी तरह लंभुआ, भदैंया, चांदा, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर, कुड़वार, बल्दीराय, दूबेपुर, अखंडनगर, कूरेभार, धनपतगंज आदि ग्रामीण क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शहर के रेलवे स्टेशन पर एनआरएमयू की ओर से सुंदरकांड पाठ के बाद राहगीरों में शर्बत वितरित किया गया।
इस मौके पर अनिल श्रीवास्तव, केशव गुप्ता, एसके प्रजापति, हिमांशु चौबे, सुधीर तिवारी, गणेश्वर चौबे, अमरेंद्र यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। गभडिय़ा मोहल्ले में जेठ के तीसरे मंगलवार को बच्चों की ओर से शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजेश कुमार कसौंधन के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर राकेश, विनोद, उत्सव, प्रतीक, विष्णु, दीप, सुजीत, रामबाबू आदि लोग शर्बत वितरण में लगे रहे।