भदैंया। बिकवाजितपुर गांव में रविवार रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाकर करीब 11 लाख रुपये के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुसे चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
पीड़ित राम किशोर वर्मा ने बताया कि चोरों ने उनके छोटे पुत्र प्रमोद कुमार वर्मा के कमरे में रखी अलमारी तोड़कर सोने का हार, चेन, अंगूठी, पायल, झुमका समेत एक लाख रुपये की नकदी पार कर दी। पीड़ित के मुताबिक घर से नकदी और जेवर मिलाकर करीब 11 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। सोमवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध दीवार फांद कर घर में घुसने के बाद चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पांच घरों में चोरी का प्रयास
रविवार रात चोरों ने गांव के कई अन्य घरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। एएनएम उर्मिला वर्मा, देशदीप वर्मा, कोटेदार रामकुमार वर्मा, राममिलन कोरी और मोनू वर्मा के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कराई जा रही है।