सुल्तानपुर। प्रतापगढ़-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाली गोमती नदी पर सिक्स लेन का पुल बनाया जाएगा। साथ ही दो रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास भी बनाया जाएगा। पुल व ब्रिज बनाए जाने से हाईवे पर बिना रुकावट के आवागमन हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने प्रतापगढ़ से अयोध्या तक सिक्स लेन मार्ग का प्रस्ताव बनाया है। मार्ग पर शहर के पश्चिम से निकलने वाले हाईवे के रास्ते में आने वाली गोमती नदी पर सिक्स लेन का पुल बनाए जाने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने तैयार किया है। कटका और हसनपुर के पास पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव भी एनएच ने तैयार किया है।
पीडब्ल्यूडी ने एक प्रस्तावित मानचित्र भी तैयार करते हुए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। अभियंताओं के मुताबिक हाईवे पर कुछ जगहों पर अंडरपास प्रस्तावित हैं। प्रतापगढ़ के चिलबिला से अयोध्या तक करीब 90 किमी मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके निर्माण पर साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये खर्च आने की संभावना विभाग जता रहा है। शासन से प्रस्ताव की मंजूरी के बाद निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे आवागमन में लोगों को आसानी होगी।
सर्वे के बाद तैयार किया प्रस्ताव
एनएच के अधिशासी अभियंता विकास कुमार ने बताया कि सिक्सलेन मार्ग व उस पर प्रस्तावित ब्रिज और पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभाग के सर्वे के बाद प्रस्ताव तैयार किया गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा।