सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतदेय स्थल भी बदले जा सकेंगे। मतदेय स्थलों में किसी प्रकार की समस्या मिलने पर भवन में बदलाव किया जाएगा। इसके लिए निर्वाचन विभाग में लोग आवेदन कर सकते हैं।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के साथ पंचायत चुनाव के लिए बनाए गए 3012 मतदेय स्थलों पर असुविधाएं मिलने पर भवन बदले जा सकेंगे। इसके लिए आसपास के सरकारी भवनों का सुझाव आवेदकों से मांगा गया है। असुविधा मिलने पर पंचायत चुनाव के लिए बनाए गए 1160 मतदान केंद्रों में भी बदलाव किया जा सकेगा। मतदेय स्थलों पर आवागमन, जर्जर भवन व अन्य समस्याओं का उल्लेख आवेदकों को करना होगा।
29 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि इसके लिए संबंधित गांव के लोग 29 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदनों का सत्यापन कराया जाएगा। आवेदन में उल्लिखित समस्याओं की सत्यापन में पुष्टि होने पर आसपास के सरकारी भवनों में मतदेय स्थल व मतदान केंद्र शिफ्ट किए जाएंगे।