कुड़वार। जिला मुख्यालय से सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर रोडवेज सेवा नहीं होने से व्यापारियों, वादकारियों और विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। लखनऊ-कानपुर के अलावा जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को निजी बसों व अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पांच साल से यहां पर रोडवेज सेवा बंद है। पूर्व में सुल्तानपुर से कुड़वार-अलीगंज होकर लखनऊ और कानपुर तक परिवहन विभाग की बस चलती थी। लोगों को सचिवालय, मंत्री निवास, मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शामिल होने सहित हाईकोर्ट आने-जाने में सहूलियत रहती थी। बस सेवा बंद होने से लोगों को मुख्यालय से बस व रेलवे का सहारा लेना पड़ता है।
व्यापारी और छात्रों ने बताई परेशानी
व्यापारी प्रेमचंद अग्रहरि ने कहा कि सप्ताह में चार दिन लखनऊ जाना होता है। पहले कस्बे से लखनऊ के लिए बस मिल जाती थी। सुल्तानपुर से बस पकड़नी पड़ रही है। व्यापारी भोलेनाथ का कहना है कि रोडवेज की बसों के बंद होने से लखनऊ और कानपुर से सामान लेने के लिए परेशानी हो रही है। लखनऊ में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र मयंक विक्रम सिंह कहते हैं कि रोडवेज बस बंद होने से सुल्तानपुर जाना पड़ता है। छात्र शिवम ने बताया कि रोडवेज की बसों के बंद होने से समस्या बढ़ गई है। कानपुर जाने के लिए सुल्तानपुर से बस पकड़नी पड़ती है।
जल्द शुरू होगा बसों का संचालन
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यालय से 15 नई बसें आने वाली हैं। इन बसों के आने के बाद ग्रामीण रूटों पर संचालन कराया जाएगा।