हलियापुर के कुवांसी गांव में चोरी के बाद टूटा पड़ा सूटकेस।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। कुवांसी गांव में शादी के एक दिन पहले चोरों ने बृहस्पतिवार की रात एक घर को निशाना बनाया। पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में दाखिल हुए चोर एक लाख 10 हजार रुपये कीमत के जेवरात और 70 हजार की नकदी समेट ले गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के कुवांसी गांव निवासी राघव राम के पुत्र मनीष की शादी तय है। शनिवार को बरात जानी है। शादी में बहू को देने के लिए राघव राम ने एक लाख दस हजार रुपये कीमत के गहने समेत 70 हजार रुपये नकद एक सूटकेस में रखे थे। बृहस्पतिवार की रात पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ सुंघाकर चोर घर में दाखिल हो गए और सूटकेस उठाकर दूर बाग में ले गए। चोरों ने सूटकेस तोड़कर उसमें रखे एक लाख 10 हजार रुपये कीमत के जेवरात और 70 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह जब राघव राम सोकर उठे तो कुत्ता बेहोश मिला। सूचना के बाद हलियापुर थाने की पुलिस मौके पहुंची और जांच की।