सुल्तानपुर। शहर के करौंदिया मोहल्ले में बृहस्पतिवार की देर रात चोरों ने एक मोबाइल शॉप को निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोरों ने लाखों के मोबाइल सेट, लैपटॉप व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह नगर कोतवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चोरी की पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कैमरे में कैद चोर की शिनाख्त के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। पुलिस ने व्यवसाई की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया मोहल्ले में मेराज अहमद की मोबाइल फोन की दुकान है। बृहस्पतिवार रात मेराज दुकान बंद करके घर चले गए। देर रात चोर दुकान पर पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखे मोबाइल सेट, लैपटॉप और अन्य सामान उठा ले गए।
चोरी की घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शुक्रवार की सुबह जब मेराज दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर मोबाइल सेट व अन्य सामान गायब मिले। व्यवसाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर नगर कोतवाल ओमबीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों की शिनाख्त के लिए पुलिस की टीमें गठित की है। इस बाबत नगर कोतवाल ने बताया कि व्यवसाई की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर देगी। दूसरी तरफ व्यवसाई मेराज ने बताया कि दुकान से करीब चार लाख रुपये कीमत के मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है।