जिला अस्पताल के ओपीडी में मरीजों को देख रहे एक चिकित्सक की युवक ने पिटाई कर दी। चिकित्सक की पिटाई से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोपी युवक को पकड़कर धुनाई कर दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस को हमलावर युवक के बैग से 25 पुड़िया स्मैक व साढ़े 11 सौ रुपये मिले है। पुलिस ने केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक डेंगू की जांच के लिए डॉक्टर से कह रहा था, पर डॉक्टर के मुताबिक जांच की कोई जरूरत नहीं थी। इसी को लेकर युवक भड़क गया था। जिला अस्पताल के ओपीडी के कक्ष संख्या सात में शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे चिकित्सक डॉ. तारिक खां मरीजों को देख रहे थे। तभी एक युवक ओपीडी में पहुंच गया।
आरोप है कि युवक ने डॉ. तारिक की पिटाई कर दी। चिकित्सक की पिटाई से नाराज जिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पीट दिया। सूचना के बाद पहुंचे एसआई आदित्य कुमार यादव व एसआई शस्त्राजीत सिंह अस्पताल पहुंचे और युवक की तलाशी ली।
युवक के बैग में 25 पुड़िया स्मैक, नशे की दवाएं व साढ़े 11 सौ रुपये नगद मिला। नगर कोतवाल आजाद सिंह केशरी ने बताया कि आरोपी की पहचान देवेंद्र राय निवासी गोड़वा कोतवाली नगर के रूप में की गई है। चिकित्सक डॉ. तारिक खां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।