पछुआ हवा चलने से जिले में गलन बढ़ गई है। बुधवार को ठंड से लोग बेहाल रहे। दोपहर के समय धूप निकलने पर लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। सुबह के समय हो रही कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए लोगों को अलाव के लिए भटकना पड़ा।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में अभी अलाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए है। मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। दोपहर बाद धूप निकलने की संभावना है।
बुधवार सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह आसमान में धुंध छाई रही और धूप नहीं निकली। इस दौरान पछुआ हवा चलने से हो रही गलन भरी ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय करीब साढ़े 11 बजे मौसम का रुख बदलने से धूप निकल आई और धुंध साफ हो गई।
धूप निकलने पर लोगों ने जगह-जगह इकट्ठा होकर उसका आनंद लिया। दोपहर से लेकर शाम तक धूप रहने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल गई। धूप से तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। उधर, कड़ाके की ठंड होने के बाद भी शहर समेत जिले के अन्य ग्रामीण इलाकों में अलाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए है। ठंड के दौरान लोग अलाव के लिए परेशान रहे।