मोतिगरपुर बाजार में मिठाई का नमूना लेकर कार्रवाई करती खाद्य विभाग की टीम।
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। होली के मद्देनजर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिन्हा की टीम ने मोतिगरपुर कस्बे में अयोध्या जिले के जाना बाजार के कारोबारी के यहां से मैजिक वाहन से बिकने के लिए जा रही मिठाइयों को पकड़ा। वाहन में मिल्ककेक, कलाकंद, बतीसा, रसगुल्ला, मिक्स बर्फी और डोडा बर्फी सहित कुल छह प्रकार की मिठाइयां पाई गईं।
इनके नमूने विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया। इसके अलावा एक्सपायरी डेट की पैकेट वाली 63.5 किलो मिठाइयों को जब्त कर गोमती नदी में नष्ट कराया गया। निरीक्षण अभियान में जयसिंहपुर खाद्य निरीक्षक अंजनी मिश्र, लंभुआ के हीरालाल, सुपरवाइजर बसंत वर्मा और चालक रमाकांत सिंह शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में छह से 11 मार्च तक कुल 41 जगहों पर छापा मारा। 56 स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भरे और मिलावट पर 147.5 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया है, जबकि 622 किलो खराब खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय अजीत कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान 13 मार्च तक चलेगा।