भदैंया (सुल्तानपुर)। तीन दिन पहले लापता हुआ ई रिक्शा चालक सोमवार रात मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के पास घायल अवस्था में अचेत पड़ा मिला। चालक का रिक्शा भपटा नहर पुल के पास लावारिस पाया गया था। ई रिक्शा से मोटर व बैटरी नदारद थी। पीड़ित के पुत्र ने मारपीट के बाद लूट की आशंका जताई है।
कोतवाली देहात के ओदरा गांव निवासी राममूरत (60) ई रिक्शा चलाते हैं। शुक्रवार भोर वे टाटिया नगर चौराहा गए थे। रात तक नहीं लौटने पर घरवालों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने शनिवार दोपहर थाने में उनके गायब होने की तहरीर दी। सोमवार रात एक ई रिक्शा रामगंज रजबहा के भपटा पुल के पास लावारिस खड़ा मिला, जिसमें मोटर व बैटरी नहीं थी।
ई रिक्शा बरामदगी की थोड़ी देर बाद राममूरत भी मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर की इमरजेंसी के पास अचेत अवस्था में घायल पड़े मिले। पीड़ित के पुत्र चंदन ने पिता के साथ लूट की आशंका जताई है। कोतवाली देहात के प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ई रिक्शा चालक का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वह कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है।