सुल्तानपुर। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते मेडिकल कॉलेज में सर्दी-जुकाम, खांसी व बुखार के मरीज तेजी से बढ़े हैं। सोमवार को पुरुष अस्पताल की ओपीडी में 1695 से अधिक मरीज पहुंचे। मरीजों की भारी भीड़ के चलते व्यवस्था चरमरा गई। रजिस्ट्रेशन से लेकर ओपीडी तक मरीजों को जूझना पड़ा। इसके अलावा दवा लेने के लिए भी मरीजों व तीमारदारों को घंटे भर से ज्यादा कतार में लगना पड़ा।
डॉक्टरों के कक्ष से लेकर दवा काउंटर तक लंबी कतारें लगी रहीं। मरीज डॉक्टरों के कक्ष के बाहर अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। डॉक्टरों से परामर्श लेने के बाद दवा ली। काउंटर पर घंटों लाइन में लगने के बाद ही दवा मिल सकी। हालांकि दवा के दो काउंटर हैं। एक काउंटर पुरुष और दूसरा महिलाओं के लिए बनाया गया है।
करौंदीकला से आए बाबूराम ने बताया कि सुबह नौ बजे रजिस्ट्रेशन तो करा लिया लेकिन आंख दिखाने में करीब एक घंटा लग गया। इसके अलावा काफी देर तक दवा के लिए कतार में लगना पड़ा। सोनबरसा से बुखार का इलाज कराने आए राम सेवक ने बताया कि डॉक्टर को दिखाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
नेत्र रोग विभाग में भी लग रही भीड़
नेत्र रोग विभाग में ज्यादातर मरीज आंख में संक्रमण की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। नेत्र सर्जन डाॅ. शिवप्रिया गुप्ता ने बताया कि धूप के बाद बारिश से आंखों में संक्रमण के मामले बढ़े हैं। आंखों के लाल होने के साथ ही पानी व कीचड़ आ रहा है। ऐसे में साफ पानी से आंख धोने के बाद ड्रॉप डालने की सलाह दे रहे हैं। करीब 10 फीसदी कंजंक्टिवाइटिस, आंखों में जलन और खुजली व आंखों की सूजन के अलावा विजन समस्याएं भी लेकर पहुंच रहे हैं।
अस्पताल परिसर बना पार्किंग, आने-जाने में हो रही समस्या
मेडिकल कॉलेज के पुराने ओपीडी कक्ष व नई बिल्डिंग के आसपास मोटर साइकिलें व कारें खड़ी होने से मरीजों को आने-जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य द्वार से ही मरीजों व तीमारदारों को अंदर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है जिससे हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
जल्द बढ़ाए जाएंगे काउंटर
मरीजों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। काउंटरों की संख्या जल्दी ही बढ़ाई जाएगी। अभी मरीजों की भीड़ ज्यादा है, इसलिए थोड़ी समस्याएं आ रही हैं। गार्डों को गाड़ियों को सही जगह पर ही पार्क करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज