सुल्तानपुर। पशु क्रूरता के आरोप से जुड़े मामले में एक दिन पहले अपने खिलाफ जारी हुए गिरफ्तारी वारंट की सूचना पाते ही हरकत में आए दरोगा राजेश कुमार जिरह के लिए सीजेएम कोर्ट में शुक्रवार को हाजिर हो गए।
आरोपी दिलीप सहित तीन आरोपियों के अधिवक्ता ने जिरह की कार्यवाही शुरू की। जिरह पूरी नहीं हो पाई है। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने शेष जिरह के लिए 27 मई की तारीख तय की है।
अमेठी जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के मटियारी कला निवासी वादी अचल बहादुर सिंह ने 30 मई 2024 की घटना बताते हुए अपनी दो भैंस चोरी हो जाने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाराबंकी जिले के दिलीप, इमरान व सोनू सहित कई आरोपियों के गिरोह का खुलासा हुआ था। एसआई राजेश कुमार का मुख्य बयान पूर्व में दर्ज हुआ था, पर जिरह नहीं पूरी हो पाई थी।