सुल्तानपुर। दिन भर घरों में समय बिताने के बाद शाम पांच बजते ही घरों के बाहर व बालकनी में शंख, घंटे, घड़ियाल, घंटी व थाली के स्वर गूंजने लगे। प्रधानमंत्री के आह्वान पर लोगों ने घंटी व शंख बजाकर प्रशासन, पुलिस व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयास का स्वागत किया। शाम को अचानक शुरू हुई इस आवाज से शहर का माहौल बदल गया।
दिन भर घरों में कैद रहने के बाद अचानक पांच बजे लोग अपने आवासों के बाहर व बालकनी में आ गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को देखते हुए लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ घरों के सामने व बालकनी में घंटी, शंख, घड़ियाल व थाली बजाया।
घंटी, शंख बजाते हुए कोरोना वायरस के खात्मे के अभियान में लगे स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस, प्रशासन व अन्य का स्वागत किया। लोगों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के कदम के साथ व्यवस्था की सराहना की। कुछ ने जरूरी होने पर इस अवधि को और बढ़ाने की भी हिमायत की। शाम को चारों तरफ एक साथ घरों में शंख, घंटी, थाली व मजीरा की ध्वनि गूंजने से शहर का माहौल बदल गया।